नरसिंहपुरः डायल-112 के जवानों ने सड़क दुर्घटना में घायल 03 लोगों को त्वरित सहायता से पहुँचाया अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुरः डायल-112 के जवानों ने सड़क दुर्घटना में घायल 03 लोगों को त्वरित सहायता से पहुँचाया अस्पताल


भोपाल, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के थाना करेली क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं संवेदनशील कार्रवाई से सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला एवं दो पुरुषों को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि शुक्रवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना करेली क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहपुर–करेली मार्ग पर कठौतिया के पास एक अज्ञात फोर व्हीलर वाहन ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी है, जिसमें एक महिला एवं दो पुरुष घायल हो गए हैं। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही थाना करेली क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक सोहेब खान एवं पायलट बिष्णु नेमा ने मौके पर पहुँचकर दुर्घटना में घायल तीनों व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक सहायता प्रदान करते हुए एफआरव्ही वाहन की सहायता से जिला चिकित्सालय, नरसिंहपुर पहुँचाया। डायल-112 की त्वरित एवं समर्पित कार्यवाही से तीनों घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story