नरसिंहपुरः नेशनल लोक अदालत में आपसी राजीनामे एवं सहमति से 2221 प्रकरणों का निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुरः नेशनल लोक अदालत में आपसी राजीनामे एवं सहमति से 2221 प्रकरणों का निराकरण


- 13.14 करोड़ रुपये से अधिक की अवार्ड राशि पारित

नरसिहंपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत में आपसी राजीनामे एवं सहमति से कुल 2221 प्रकरणों का निराकरण किया। इन प्रकरणों में कुल 13.14 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के अवार्ड पारित किए गए।

राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जिले में कुल 18 खंडपीठों का गठन किया गया। गठित खंडपीठों द्वारा न्यायालय में लंबित प्रकरणों में से 573 प्रकरणों का पक्षकारों की आपसी सहमति एवं राजीनामे से निराकरण किया गया। इन प्रकरणों में कुल 8 करोड़ 11 लाख 966 रुपये की अवार्ड राशि पारित की गई।

इसी प्रकार बीएसएनएल, नगर पालिका, बैंक एवं विद्युत विभाग आदि से संबंधित 1648 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का भी पक्षकारों की सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से निराकरण किया गया। इन मामलों में पक्षकारों से कुल 5 करोड़ 3 लाख 3 हजार 653 रुपये की प्रतिकर/वसूली राशि प्राप्त की गई। इस प्रकार नेशनल लोक अदालत में कुल 2221 लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण करते हुए कुल 13 करोड़ 14 लाख 4 हजार 619 रुपये की अवार्ड/वसूली राशि प्राप्त की गई।

पारिवारिक मामलों में भी बनी सहमति

नेशनल लोक अदालत में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय विपिन कुमार लवानिया के विशेष प्रयासों से 22 राजीनामा योग्य पारिवारिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें से 7 प्रकरणों में पति-पत्नी ने पुनः साथ रहकर दांपत्य जीवन का निर्वहन करने पर सहमति व्यक्त की। आपसी मतभेद समाप्त होने के बाद पति-पत्नी ने एक-दूसरे को फूलमाला पहनाई और पौधे लेकर खुशी-खुशी अपने घर लौटे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story