नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ, सुनील लोधी और जसपिंदर नरूला के गायन से गूँजी भेड़ाघाट की संगमरमरी वादियां

WhatsApp Channel Join Now
नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ, सुनील लोधी और जसपिंदर नरूला के गायन से गूँजी भेड़ाघाट की संगमरमरी वादियां


नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ, सुनील लोधी और जसपिंदर नरूला के गायन से गूँजी भेड़ाघाट की संगमरमरी वादियां


जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट की संगमरमरी वादियों में शनिवार देर शाम दो दिनों के नर्मदा महोत्सव की शानदार शुरुआत हुई। नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ मॉं नर्मदा के पूजन के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन आज सुर और ताल के साथ आध्यात्म, संस्कृति और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिला।

शरद पूर्णिमा पर आयोजित दो दिनों के नर्मदा महोत्सव के पहले दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद आशीष दुबे ने की। विधायकगण अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी नीरज सिंह एवं डॉ अभिलाष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम जबलपुर के अध्यक्ष रिकुंज विज, नगर परिषद भेड़ाघाट के अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी, भाजपा के जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) राजकुमार पटेल, भाजपा के जबलपुर महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर परिषद भेड़ाघाट के उपाध्यक्ष जगदीश दाहिया, नगर परिषद भेड़ाघाट के पूर्व अध्यक्ष अनिल तिवारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने अपने संबोधन में नर्मदा महोत्सव को सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों पर इस प्रकार के आयोजन हमारी विरासत को संरक्षित करने और जनमानस तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

लोधी ने नर्मदा महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह महोत्सव विगत 23 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। संस्कृति विभाग द्वारा नर्मदा महोत्सव को निरंतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बेहतर आयोजन और उत्कृष्ट कलाकारों की प्रस्तुतियां सुनिश्चित करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। यह क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं।

दुर्गा स्तुति से हुई सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत, बधाई लोकनृत्य ने बांधा समां

दो दिनों के नर्मदा महोत्सव के पहली शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत जबलपुर की समृद्धि अय्यर शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ की। उन्होंने दुर्गा स्तुति प्रस्तुत कर मां दुर्गा की आराधना की। इसके बाद बुंदेलखंड के प्रसिद्ध लोकनृत्य बधाई-नोरता की प्रस्तुति देकर सागर के कलाकार दीपेश पाण्डेय ने दर्शकों का मन मोह लिया।

सुनील लोधी ने बांधा समां, श्रोताओं को भक्ति रस में किया सराबोर -

नर्मदा महोत्सव के पहले दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रमुख आकर्षण रहे लोकगायक सुनील लोधी ने भक्ति गीतों की शुरुआत 'ओ मेरे ह्रदय करो प्रवेश.... मेरे काटो कलेश... तेरी जय जय हो गणेश जी...' से की।

हाथ में तंबूरा लेकर मंच पर पहुंचे फिल्म हनुमान अंश के सुप्रसिद्ध भजन ' मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डार दई...' के गायक सुनील लोधी ने जय श्री राम...के उद्घोष के बाद नर्मदा मैया, उलटी तो बहे रें,...गीत व आ गए आ गए तुम्हारे दरबार, दरस दे दो रघुनन्दन....ओ मेरे संकट के कटैया हनुमान...के माध्यम से लोकसंस्कृति और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

सुनील लोधी ने बुंदेली भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों का समापन भी 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डार दई' से ही किया। उनकी इन प्रस्तुतियों पर किसी ने हाथ उठाकर तालियां बजाईं तो कोई थिरकता नजर आया।

डॉ जसपिंदर नरूला के गायन से हुआ समापन -

नर्मदा महोत्सव की पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या का समापन प्रसिद्ध पार्श्व गायिका और पद्मश्री से सम्मानित मुंबई की डॉ जसपिंदर नरूला के शास्त्रीय गायन से हुआ। उन्होंने गायन की शुरुआत 'प्रभु जी दया करो, मन में आन बसो..' भजन से की। देर रात तक चले कार्यक्रम में उन्होंने कई सूफी गीत सुनाकर दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।

अरूणिता कांजीलाल और ऋचा शर्मा का गायन होगा दूसरे दिन का प्रमुख आकर्षण

दूसरे दिन की सांस्कृतिक संध्या में शाम 7.30 बजे से त्रिभंग कला अकादमी जबलपुर की कौतुकी उपाध्याय द्वारा शास्त्रीय नृत्य की तथा शाम 7.45 बजे महाराष्ट्र की शिवमुद्रा संस्था द्वारा ढोल-ताशा नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी। रात 8.15 बजे से मुम्बई की अरूणिता कांजीलाल और रात 9 बजे से मुम्बई की ही सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका ऋर्चा शर्मा द्वारा भजनों का गायन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story