मप्रः नमामि गंगे परियोजना के तहत बेतवा नदी सर्वे के लिए केंद्र सरकार की विशेषज्ञ टीम विदिशा पहुँची

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः नमामि गंगे परियोजना के तहत बेतवा नदी सर्वे के लिए केंद्र सरकार की विशेषज्ञ टीम विदिशा पहुँची


विदिशा, 05 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत भारत सरकार की एक विशेषज्ञ टीम गुरुवार को बेतवा नदी के विस्तृत सर्वेक्षण हेतु विदिशा पहुँची।

विशेषज्ञ टीम द्वारा बेतवा नदी में मिलने वाले प्रमुख नालों—चोरघाट नाला, गौशाला नाला एवं पीलिया नाला—का स्थल निरीक्षण एवं तकनीकी सर्वे किया गया। टीम ने इन नालों से नदी में पहुँचने वाले अपशिष्ट, प्रदूषण के स्रोतों तथा उनके उपचार की संभावनाओं का गहन अध्ययन किया। इसके अतिरिक्त बेतवा नदी और बैस नदी का भ्रमण कर जल गुणवत्ता, प्रदूषण स्तर और संरक्षण की संभावनाओं का विस्तृत आकलन किया गया।

निरीक्षण के दौरान शहर में संचालित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का भी अवलोकन किया गया। भविष्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नए एसटीपी स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने, नालों के उपचार तथा सीवेज प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। नदी शुद्धिकरण, वृक्षारोपण और तटों के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की संभावनाओं को लेकर नगर पालिका, भूमि अभिलेख विभाग, जल संसाधन विभाग (WRD) एवं जिला पंचायत के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। बताया गया कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बेतवा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने, जल गुणवत्ता सुधारने तथा दीर्घकालिक संरक्षण के लिए समेकित योजना तैयार करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story