सागर : नगर निगम आयुक्त और निगम अध्यक्ष ने की अपने हाथाें से पानी की टंकी की सफाई
सागर, 03 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई 16 मौतों के बाद प्रशासन की नींद खुल गई है। पूरे प्रदेश के नगर निगम क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है और अधिकारी स्वयं जाकर पेंडिग पड़े कामों को देख रहे हैं। ऐसा ही उदाहरण सागर शहर में देखने को मिला जहां स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सागर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर पानी की टंकी की सफाई कराई और इस कार्य में सक्रिय रूप से भाग लिया। अधिकारियों की इस पहल ने न केवल नगर निगम कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि आम नागरिकों के बीच भी सकारात्मक संदेश दिया।
जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने का उद्देश्य
यह सफाई अभियान शहर की नियमित जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाया गया। पानी की टंकी में जमा गंदगी, काई और अन्य अवशेषों को पूरी तरह हटाया गया, ताकि लोगों तक स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक पानी पहुंच सके। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि जल की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी पानी की टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
निगम प्रशासन गंभीरता से कर रहा कार्य
नगर निगम अध्यक्ष ने बताया कि स्वच्छ जल नागरिकों का मूल अधिकार है और निगम प्रशासन इस दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का स्वयं श्रमदान करना इस बात का प्रमाण है कि नगर निगम केवल निर्देश ही नहीं देता, बल्कि खुद उदाहरण प्रस्तुत करता है।
विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी भी रहे मौजूद
इस दौरान निगम के स्वास्थ्य विभाग, जलकार्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। सफाई कार्य के साथ-साथ टंकी की तकनीकी जांच भी की गई, जिससे किसी प्रकार की लीकेज या संरचनात्मक समस्या को समय रहते दूर किया जा सके।
पहल की सराहना
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब शीर्ष अधिकारी खुद मैदान में उतरते हैं, तो व्यवस्था में सुधार निश्चित रूप से होता है। नगर निगम की यह पहल आने वाले समय में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/मनीष कुमार चौबे
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

