एमपीएसईडीसी के ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी प्रोग्राम 3.0 के लिए आवेदन आमंत्रित

WhatsApp Channel Join Now
एमपीएसईडीसी के ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी प्रोग्राम 3.0 के लिए आवेदन आमंत्रित


भोपाल, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंजीनियरिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को डिजिटल गवर्नेंस और आईटी परियोजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएसईडीसी) द्वारा ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (जीईटी) प्रोग्राम 3.0 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया गुरुवार, 4 जून से प्रारंभ हो गई है, जो 16 जून 2026 तक जारी रहेगी।

एमपीएसईडीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 9 जून से 17 जून तक उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन परीक्षा 1 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी और प्रवेश-पत्र 25 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे। कार्यक्रम में इंजीनियरिंग की किसी भी शाखा अथवा कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी एवं समकक्ष विषयों में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी भी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य निर्धारित की गई है।

ऑनलाइन परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी, जिसमें 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न-पत्र हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। परीक्षा में जावा, नेट, पीएचपी, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, क्वालिटी एश्योरेंस और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी विषयों से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, क्वांटम कम्प्यूटिंग, चैटबॉट, वर्चुअल रियलिटी और बिग डेटा एनालिटिक्स जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

परीक्षा में न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ही योग्य माना जाएगा। मेरिट के आधार पर शीर्ष 150 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, जबकि 50 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी। परीक्षा शुल्क 800 रुपये (जीएसटी सहित) निर्धारित किया गया है। प्रस्तावित परीक्षा केन्द्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, उज्जैन और सतना में बनाए जाएंगे। परीक्षा के बाद प्रश्नों एवं उत्तर-कुंजी के संबंध में अभ्यर्थियों को 7 से 9 जुलाई 2026 तक आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story