एमपी पीएससी की सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा आज

WhatsApp Channel Join Now
एमपी पीएससी की सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा आज


- इंदौर में 39 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, 15,924 अभ्यर्थी होंगे शामिल

इंदौर, 01 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा-2026 का आज (रविवार) दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा के सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इंदौर में परीक्षा के लिए कुल 39 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 15 हजार 924 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्रों पर होगी त्रिस्तरीय जांच

जनसम्पर्क अधिकारी महिपाल अजय ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके अंतर्गत सीसीटीवी सर्विलांस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, एचएचएमडी (हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर) के माध्यम से तलाशी तथा वीओआईपी की व्यवस्था शामिल है। यह प्रक्रिया आयोग द्वारा अनुबंधित एजेंसी एसपीए के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्हें अपने साथ केवल बॉलपेन, एक पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और पहचान पत्र लाने की अनुमति होगी। इसके अलावा, आवश्यक दवाइयां भी साथ रखी जा सकेंगी।

परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार के समीप अनुमत एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए इन निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। परीक्षा में पारदर्शिता, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही, परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अभ्यर्थियों को समय रहते जांच प्रक्रिया एवं आवश्यक व्यवस्थाओं से अवगत कराने के लिए भी कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770322 Articles

Share this story