मप्रः सुशासन संस्थान और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वेस्ट मैनेजमेंट के बीच हुआ एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सुशासन संस्थान और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वेस्ट मैनेजमेंट के बीच हुआ एमओयू


- लोक नीति और सुशासन क्षेत्र में संस्थागत सहयोग को देंगे बढ़ावा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यादव की उपस्थिति में मंगलवार शाम को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वेस्ट मैनेजमेंट (आईआईडब्ल्यूएम) की बीच सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, संसाधन प्रबंधन, सार्वजनिक नीति और सतत विकास के क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में हुए इस एमओयू के अवसर पर सभी संबंधित पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्य करने के लिए बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने उन्होंने कहा कि लोक नीति और सुशासन क्षेत्र में संस्थागत सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

एमओयू पर अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान की ओर से उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वेस्ट मैनेजमेंट (आईआई डब्ल्यू एम) की ओर से प्रवीण रामदास मैनेजिंग ट्रस्टी उपस्थित थे। इस एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से शोध, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण कार्यक्रम और अनेक अकादमिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन करेंगे। यह सुशासन, सार्वजनिक नीति, पर्यावरण प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण ज्ञान और व्यावहारिक समाधान विकसित करने में मददगार होगा।

एमओयू के अवसर पर संस्थान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विभाष ठाकुर और आईआईडब्ल्यूएम के न्यासी विजय सखलेचा और गवर्निंग कौंसिल सदस्य डॉ. एन पी शुक्ला, मध्य प्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी और हिंदी ग्रंथ अकादमी के अध्यक्ष अशोक कड़ेल उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story