मुरैनाः चंबल का खूंखार डकैत कल्ली गुर्जर शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
- सोशल मीडिया पर दुश्मनों को देता था धमकी, बानमौर की पहाड़ियों में दबोचा
मुरैना, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में चंबल के बीहड़ों में दहशत का दूसरा नाम बने कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर आखिरकार पुलिस के हाथ आ गया। गुरुवार सुबह बानमौर थाना पुलिस के साथ हुए शॉर्ट एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोचकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि 80 हजार का इनामी कल्ली बानमौर के पहाड़ी इलाके में छिपा है। सूचना पर 200 जवानों की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा देख कल्ली ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
हत्या हत्या के प्रयास सहित 20 संगीन मामले दर्ज
कल्ली गुर्जर पर मुरैना, ग्वालियर और श्योपुर जिलों में 20 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे अपराधों में वह लंबे समय से वांटेड था। पुलिस की कई टीमें महीनों से उसकी तलाश में बीहड़ छान रही थीं।
डकैत सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से था एक्टिव
सबसे हैरानी की बात यह है कि फरार होने के बावजूद कल्ली सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव था। वह लगातार वीडियो डालकर अपने दुश्मनों को खुलेआम धमकाता था। 20 दिन पहले ही उसका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह मुरैना के महेश्वर मंदिर के सामने खड़ा होकर अपने विरोधी करुआ गुर्जर निवासी जड़ेरुआ को ललकार रहा था। वीडियो में कह रहा था - मैं मंदिर आ गया हूं, दम है तो आकर मिल। बताया जाता है कि इससे पहले करुआ ने उसके परिवार को गालियां देते हुए वीडियो डाला था, जिसके जवाब में कल्ली ने यह वीडियो बनाया था।
3 महीने पहले ही बड़ी वारदात को दिया था अंजाम -
तीन महीने पहले ही कल्ली ने ग्वालियर के आगरा-मुंबई हाईवे (एबी रोड) पर रंगदारी की बड़ी वारदात की थी। वह अपने साथियों के साथ बिना नंबर की सफेद बोलेरो में आया और कंटेनर चालक से रंगदारी मांगने लगा। चालक ने मना किया तो अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों से कंटेनर के 12 टायर फट गए थे।फिलहाल घायल कल्ली अस्पताल में पुलिस कस्टडी में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इनका कहना -
मुरैना के जिला पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि डकैत काली गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया है इस पर ग्वालियर मुरैना ओर श्योपुर मै करीब 20 मामले दर्ज है। इसके कुछ साथी फरार हो चुके है जिनकी तलाश मै पुलिस टीम लगी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र गौतम
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

