मप्रः स्कूलों के विद्युतीकरण को मिली रफ्तार, 1,763 स्कूलों में बिजली कनेक्शन का कार्य पूरा
- मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र में 2,752 स्कूलों का सर्वेक्षण
भोपाल, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्युतीकरण का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। कंपनी के अंतर्गत 24 जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की कार्यवाही जारी है, जहां अब तक विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
कंपनी ने बुधवार को जानकारी दी कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा चिन्हित 2,752 गैर-विद्युतीकृत विद्यालयों का सर्वेक्षण कंपनी द्वारा पूर्ण किया जा चुका है। सर्वेक्षण में 394 विद्यालयों में पहले से विद्युत कनेक्शन पाए गए, जबकि कुछ विद्यालयों में भवन उपलब्ध नहीं होने अथवा अन्य कारणों से तत्काल कनेक्शन संभव नहीं है। शेष 2,254 विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इनमें 814 विद्यालय ऐसे हैं, जहां बिना किसी अतिरिक्त विस्तार कार्य के सीधे विद्युत कनेक्शन प्रदान किए जा सकते हैं, जबकि 1,440 विद्यालयों में विद्युत लाइन/नेटवर्क विस्तार की आवश्यकता चिन्हित की गई है। कंपनी द्वारा अब तक कुल 1,763 विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। इनमें बिना विस्तार कार्य वाले 814 विद्यालय तथा विस्तार कार्य पूर्ण कर 949 विद्यालयों को विद्युत सेवा से जोड़ा जा चुका है।
इस प्रकार लक्षित 2,254 विद्यालयों में से लगभग 78 प्रतिशत विद्यालयों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। शेष 491 विद्यालयों में भी आवश्यक कार्यवाही प्रगतिरत है। इसके साथ ही पूर्ण किए गए 1,763 कनेक्शन कार्यों में से 1,667 IVR जनरेट किए जा चुके हैं।
कंपनी द्वारा विद्यालयों के विद्युतीकरण को केवल कनेक्शन प्रदान करने तक सीमित न रखते हुए आवश्यक नेटवर्क विस्तार कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित होने के साथ विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। शेष विद्यालयों को भी चरणबद्ध तरीके से विद्युत सुविधा से जोड़ने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

