मप्र के जबलपुर में हवाई हमले से बचाव को लेकर हुई मॉक ड्रिल
जबलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गुरुवार शाम को सिविक सेंटर स्थित जेडीए कार्यालय परिसर में सिविल डिफेंस हवाई हमले एवं ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। एक हॉट बाजार का परिदृश्य तैयार कर चेतावनी सायरन के साथ शुरू हुए इस अभ्यास में दुश्मन देश के ड्रोन हमले और विस्फोट से कुछ लोगों के हताहत होने का पूर्वाभ्यास किया गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग और एसडीईआरएफ ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने कानून-व्यवस्था और यातायात को संभाला तथा फायर ब्रिगेड ने आगजनी पर काबू पाने का प्रदर्शन किया। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राहत एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करना था।
अभ्यास में होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा वार्डनों, आपदा मित्रों, एनसीसी कैडेटों, तथा पुलिस, अग्निशमन, बिजली और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला होमगार्ड कमांडेंट नीरज सिंह ठाकुर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

