सीहोरः राजस्व मंत्री वर्मा ने किया 28 करोड़ रुपये से अधिक की नवीन सड़कों का लोकार्पण
सीहोर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने बुधवार को सीहोर जिले के ग्राम रामाखेड़ी, रलावती, सागोनी और ग्राम शिकारपुर में आयोजित कार्यक्रमों में 28 करोड़ 58 लाख 27 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन सड़कों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़कों का सुदृढ़ नेटवर्क विकास की रीढ़ होता है। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल गांवों को शहरों से जोड़ने में सुविधा होती है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। इस दौरान मंत्री वर्मा ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान सुरेंद्र मेवाड़ा, पंकज गुप्ता, जनपद सीईओ नमिता बघेल सहित ग्रामवासी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

