इंदौरः मंत्री सिलावट एवं विधायक मालिनी गौड़ ने कंपेल के 1100 विद्यार्थियों को वितरित कीं साइकिलें एवं कॉपिया

WhatsApp Channel Join Now
इंदौरः मंत्री सिलावट एवं विधायक मालिनी गौड़ ने कंपेल के 1100 विद्यार्थियों को वितरित कीं साइकिलें एवं कॉपिया


- शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

इंदौर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कंपेल में शनिवार को शिक्षा प्रोत्साहन से जुड़े एक प्रेरणादायी कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं माहेश्वरी स्कूल के लगभग 1100 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें एवं अध्ययन सामग्री के रूप में कॉपियां वितरित कीं।

इस अवसर पर मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार जनकल्याणकारी निर्णय ले रही है। प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष साइकिल वितरण योजना का लाभ दिया जा रहा है, ताकि विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बने।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थी प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुंचते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए साइकिल न केवल आवागमन का साधन है, बल्कि यह उनके शैक्षणिक जीवन को सरल और सुरक्षित बनाने का माध्यम भी है। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचेगा, नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा वे अधिक उत्साह के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि कई बार आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी कॉपी , पुस्तकें अथवा साइकिल जैसी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को विवश हो जाते हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि ऐसे विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर शिक्षा का अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य ब्रजमोहन राठी, रामेश्वर चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष विश्वजीत सिंह सिसोदिया, सरपंच ओमप्रकाश कंट्रोल वाले, माखन गोखले, श्याम निवाड़ी, सुरेश टेलर, प्रेम बोरवेल, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story