मप्रः ‘’सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’’ के अंतर्गत 3 एवं 4 अक्टूबर को लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर
- गांव और वार्ड स्तर पर नागरिकों को मिलेंगी शासकीय सेवाएं
भोपाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में नागरिकों को शासकीय सेवाएं उनके गांव और वार्ड स्तर पर सहज, पारदर्शी, संवेदनशील एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान में 3 अक्टूबर को ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर और 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में वार्ड एवं जोन स्तर पर मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं, वंचितों एवं कमजोर वर्गों को विभिन्न शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता से मुक्त करना है। शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं और राजस्व विभाग से संबंधित नागरिक सेवाओं का मौके पर ही निराकरण, स्वीकृति अथवा प्रदाय सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान को जन-विश्वास अभियान से भी जोड़ा गया है, जिससे सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही के प्रति नागरिकों का विश्वास और मजबूत हो।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक होंगे शिविर
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक जिले के सभी विकासखंडों में और नगरीय क्षेत्रों में नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर परिषद के अंतर्गत निर्धारित जोन अथवा वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित होंगे। शिविर स्थल का चयन ऐसे सार्वजनिक एवं सुगम स्थानों पर किया जाएगा, जहां नागरिकों के लिए पर्याप्त खुली जगह, पेयजल, छाया एवं आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो।
एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं होंगी उपलब्ध
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, सेवा सेतु शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण करेंगे। शिविरों में राजस्व विभाग के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य पालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वित्त, श्रम, कौशल विकास एवं उद्यमिता, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय और स्कूल शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं को शामिल किया गया है।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की मिलेगी सुविधा
शिविरों में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026, किसान फार्मर आईडी, अविवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन, समाधान एक दिवस योजना, आय प्रमाण-पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र, खसरा एवं नक्शा आदि राजस्व सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, वन नेशन वन कार्ड के अंतर्गत राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी, ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, मुख्यमंत्री किसान सम्मान योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं एवं आवेदन लिए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, पीएमईजीपी, जल जीवन मिशन, जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, ई-श्रम एवं श्रम पंजीयन, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान, लालिमा अभियान, मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गांव की बेटी योजना एवं मुख्यमंत्री स्कूटी योजना विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं से संबंधित सेवाएं भी शिविरों में उपलब्ध रहेंगी।
शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ योजनाओं की प्रदर्शनी
प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शिविर स्थल पर केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इससे नागरिकों को विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभ की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेगी।
जनजातीय जिलों के लिए विशेष योजनाओं पर रहेगा फोकस
जनजातीय जिलों में विशेष रूप से सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में नामांकन, छात्रवृत्ति योजनाएं, वन अधिकार स्वामित्व के अंतर्गत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक भूमि से संबंधित सेवाएं तथा वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों के गठन से संबंधित सेवाओं को शामिल किया गया है।
प्रदेश में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) का महत्वपूर्ण घटक है। सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को नागरिकों के द्वार तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

