जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री कृष्णा गौर

WhatsApp Channel Join Now
जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री कृष्णा गौर


- राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने 81 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का किया भूमि-पूजन

भोपाल, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि स्व. बाबूलाल गौर की प्रेरणा से गोविंदपुरा अंचल में जनसेवा और नव-निर्माण का जो महाअभियान प्रारंभ हुआ था, वह आज भी अनवरत गतिमान है। क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और नागरिकों की आकांक्षाओं की पूर्ति वर्तमान सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में सम्मिलित है।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर गुरुवार को भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 57 में भूमि-पूजन समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने इस मौके पर क्षेत्रवासियों की सुख-सुविधाओं के लिए लगभग 81 लाख रुपये की लागत के विभिन्न लोक-कल्याणकारी निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। भगत सिंह चौराहे से शक्तिनगर तक सड़क के दोनों ओर 33 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक का निर्माण ,शक्तिनगर सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8 लाख रुपये की लागत से शेड का निर्माण तथा स्थानीय युवाओं को खेल के आधुनिक संसाधन एवं रात्रिकालीन खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुभाष खेल मैदान में 40 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फ्लड लाइट का भूमि - पूजन किया ।

राज्यमंत्री कृष्णा कृष्णा गौर ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, धार्मिक व सामाजिक स्थलों का कायाकल्प और खेल प्रतिभाओं को उन्नत मंच प्रदान करना उनकी विकास नीति का एक अनिवार्य हिस्सा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल नागरिकों को उच्च स्तरीय नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी, बल्कि युवा पीढ़ी को भी अपनी खेल गतिविधियों को निखारने के लिए एक सकारात्मक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि समस्त स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ किए जाएं, जिससे जनता को इनका लाभ शीघ्र मिल सके। कार्यक्रम में प्रताप सिंह बैंस, पार्षद अर्चना परमार, नीरज सिंह, सुरेंद्र बाड़ीका, टीआर मिश्रा, अशोक पटेल, सुनील द्विवेदी, दीपक गुप्ता, केवल मिश्रा सहित नागरिक और स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story