सीहोरः कुबेरेश्वरधाम में उमड़ रही भारी भीड़, 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण आगामी निर्देश तक बंद
सीहोर, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित कुबेरेश्वरधाम पर सावन के माह में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। इसी बीच व्यवस्थाओं को लेकर समिति और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण आगामी निर्देश तक अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। समिति के अनुसार यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सीहोर शहर के सीवन नदी तट से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक इन दिनों हर तरफ शिवभक्ति का नजारा दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु नंगे पैर कंधे पर कांवड़ लेकर करीब 11 किलोमीटर का सफर तय कर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। रविवार को भी एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
सोमवार शाम 5 बजे निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सोमवार शाम 5 बजे सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक कांवड़ यात्रा निकलेगी। यात्रा में इंदौर का प्रसिद्ध श्याम बैंड-बाजा, भजन-कीर्तन मंडल और तीन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके चलते कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
सीवन से धाम तक सेवा पंडाल, प्रसादी की व्यवस्था
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए शहर से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक विभिन्न स्थानों पर सेवा पंडाल लगाए जाएंगे। इन पंडालों पर श्रद्धालुओं को प्रसादी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सामाजिक संगठनों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने भी कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए तैयारियां की हैं।
नीमच-देवास से पैदल पहुंचे कांवड़ यात्री
रविवार को नीमच और देवास सहित अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालु पैदल कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। नीमच से जल लेकर आए दो दर्जन से अधिक युवाओं का विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला सहित अन्य सदस्यों ने स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से कुबेरेश्वरधाम आ रहे हैं। इस बार भी कई दिनों का पैदल सफर तय कर वे सीवन नदी से जल लेकर धाम पहुंचे।
पंडित प्रदीप मिश्रा बोले-शिव पर भरोसा कभी खाली नहीं जाता
कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने सावन में भगवान शिव को जल अर्पित करने के महत्व पर संदेश देते हुए कहा कि भगवान शिव पर किया गया विश्वास कभी खाली नहीं जाता। उन्होंने श्रद्धालुओं से आस्था और विश्वास के साथ भगवान शिव की आराधना करने का आह्वान किया।
रुद्राक्ष वितरण बंद, यातायात और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर
समिति के अनुसार आगामी दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के कुबेरेश्वरधाम पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा के निर्देश पर 19 अगस्त से रुद्राक्ष वितरण अस्थायी रूप से बंद किया गया है। वितरण आगामी निर्देश तक बंद रहेगा। वहीं प्रशासन और समिति द्वारा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात, चिकित्सा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि कांवड़ यात्रा और धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

