मप्रः विश्व दिव्यांग दिवस पर आज आयोजित होंगी अनेक गतिविधियां

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः विश्व दिव्यांग दिवस पर आज आयोजित होंगी अनेक गतिविधियां


भोपाल, 03 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आज बुधवार को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर अनेक कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन सभी गतिविधियों को आयोजित करने का उद्देश्य दिव्यांगजनों को अवसर, सम्मान और मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों की प्रतिभा, क्षमताओं और अधिकारों को मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से सभी जिलों में खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जारी आदेशानुसार ब्लॉक एवं जिला स्तर पर एथलेटिक्स, व्हीलचेयर रेस, कबड्डी, क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, टेबल-टेनिस, तैराकी, जत्था दौड़, बॉल थ्रो, 100 मीटर दौड़ सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों की कला व हुनर को प्रदर्शित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गीत, नाटक, चित्रकला, हस्तकला, मॉडल प्रदर्शनी एवं अन्य गतिविधियां भी होंगी।

इस अवसर पर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें दिव्यांग प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य परीक्षण, सहायक उपकरण वितरण एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कूलों में भी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें रैलियां, निबंध-चित्रकला प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे। पंजीकृत दिव्यांगजनों को कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story