मंदसौरः शेड से निकलते ही ओएचई निरीक्षण यान पटरी से उतरा

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः शेड से निकलते ही ओएचई निरीक्षण यान पटरी से उतरा


मंदसौर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में सोमवार को रेलवे का ओएचई निरीक्षण यान शेड से बाहर निकलते ही पटरी से उतर गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। यान को वापस पटरी पर लाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंदसौर रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर बने शेड में ओएचई निरीक्षण यान खड़ा था। सोमवार को इसे शेड से निकालकर मंदसौर स्टेशन होते हुए रतलाम की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शेड से करीब 20 मीटर दूर यान के दो पहिए पटरी से नीचे उतर गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। घटना की आधिकारिक जानकारी के लिए रतलाम डीआरएम अश्विनी कुमार से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story