मंडला में खेलों को नई उड़ान: स्विमिंग पूल का लोकार्पण, एक्वा एरोबिक्स की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
मंडला में खेलों को नई उड़ान: स्विमिंग पूल का लोकार्पण, एक्वा एरोबिक्स की शुरुआत


मंडला, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित राजा रघुनाथ शाह, कुवर शंकर शाह स्मृति स्विमिंग पूल का नवीनीकरण उपरांत भव्य लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जयदत्त झा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, कोच एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मंत्री संपतिया उइके ने इस अवसर पर कहा कि यह स्विमिंग पूल न केवल उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और फिटनेस को भी नई दिशा देगा। एक्वा एरोबिक्स जैसी आधुनिक गतिविधियों की शुरुआत से मंडला खेल एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।

उन्होंने मंडला में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्विमिंग पूल के सुचारु संचालन के लिए 7 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण देने के लिए विशेष चयन कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए जो सुविधाएं आप चाहते हैं वो सारी प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। आप अपने सर्वश्रेष्ठ खेलों का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करें।

सांसद कुलस्ते ने भी मंडला में महानगरों जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपने प्रयासों को जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस सौगात से खिलाड़ियों को तैराकी में अच्छा अवसर मिलेगा और अब वे भी अन्य बड़े शहरों के खिलाड़ी की तरह इसका लाभ उठा सकेंगे।

कार्यक्रम में नन्हें खिलाड़ी अभिनव ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन जिला खेल अधिकारी द्वारा किया गया। विदित है कि स्विमिंग पूल के नवीनीकरण और पुनः संचालन में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही, विशेषकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के सतत प्रयासों से यह परियोजना साकार हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story