मध्य प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को बनाएं अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी: मंत्री शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को बनाएं अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी: मंत्री शुक्ला


- मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम की हुई 199वीं बोर्ड बैठक

भोपाल, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की 199वीं बोर्ड बैठक हुई। मंत्री शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश को नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये सभी संभव प्रयास किये जाएंगे।

उन्होंने बैठक में लक्ष्य प्राप्ति के लिये आवश्यक कार्य योजना बनाने का समय-सीमा में क्रियान्वित करने के निर्देश दिये। बैठक में विभिन्न विषयों पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, ऊर्जा विकास निगम के एमडी अमित तोमर और बोर्ड के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने, हरित ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा के विस्तार, बड़े पैमाने की परियोजनाओं के विकास तथा प्रतिस्पर्धी एवं पारदर्शी निविदा प्रक्रियाओं के माध्यम से कम लागत पर विश्वसनीय हरित ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई। प्रदेश ने पिछले वर्षों में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचार, बड़े पैमाने की परियोजनाओं और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रियाओं के माध्यम से देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

बोर्ड के समक्ष सीएसआर समिति के पुनर्गठन तथा बैंक गारंटी व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और प्रामाणिक बनाने के लिए ई-पीबीजी (इलेक्ट्रॉनिक पर्फोरमेंस बैंक गारंटी) सुविधा को बैंकों और अधिकृत डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनाने एवं संचालित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इससे निविदाओं एवं परियोजनाओं से संबंधित बैंक गारंटी की इलेक्ट्रॉनिक जारी करने, सत्यापन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story