मप्रः वित्तीय संव्यवहारों को सुगम बनाने की बड़ी पहल, 16-17 जुलाई को होगा “आईएफएमआईएस केयर कैम्प“

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः वित्तीय संव्यवहारों को सुगम बनाने की बड़ी पहल, 16-17 जुलाई को होगा “आईएफएमआईएस केयर कैम्प“


- सॉफ्टवेयर की तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही होगा त्वरित निराकरण

भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शासकीय वित्तीय संव्यवहारों को अधिक सुचारू, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आयुक्त, कोष एवं लेखा के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत, राज्य के वित्त विभाग के एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (आईएफएमआईएस) सॉफ्टवेयर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये 16 और 17 जुलाई 2026 को दो दिवसीय विशेष आईएफएमआईएस केयर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी नितीन वाघमोडे ने मंगलवार को बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वित्तीय संव्यवहारों में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को आ रही तकनीकी जटिलताओं और बाधाओं को ऑन-द-स्पॉट दूर करना है।

उन्होंने जानकारी दी है कि वल्लभ भवन कोषालय से संबंधित सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों की सुविधा के लिए यह दो दिवसीय कैंप सरदार वल्लभ भाई पॉलिटेक्निक कॉलेज, श्यामला हिल्स, भोपाल में किया जा रहा है। कैंप का समय सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है।

विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही होगा समाधान

वाघमोडे ने बताया कि दो दिवसीय शिविर में तकनीकी विशेषज्ञों की एक विशेष टीम मौजूद रहेगी, जो विभिन्न शासकीय कार्यालयों से आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान करेगी। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने सभी संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को पत्र लिखकर इस कैंप में अनिवार्य रूप से सम्मिलित होने की अपील की है, जिससे लंबित तकनीकी मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस राष्ट्रीय स्तर की पहल से न केवल शासकीय लेन-देन की प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि तकनीकी स्तर पर आने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान की राह भी प्रशस्त होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story