मप्रः बड़वानी पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 5 थानों एवं एसपी कार्यालय को मिला आईएसओ प्रमाणन

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः बड़वानी पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 5 थानों एवं एसपी कार्यालय को मिला आईएसओ प्रमाणन


भोपाल, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निरंतर सुधार को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों के क्रम में बड़वानी पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिले के 5 पुलिस थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाएं विकसित करने पर आईएसओ प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में संस्था के सलाहकार एसके विद्यार्थी द्वारा डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद की उपस्थिति में आईएसओ प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल को प्रदान किए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर परखी गई पुलिस कार्यप्रणाली

आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया के अंतर्गत संबंधित पुलिस थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। इस दौरान अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, कार्यों की निगरानी, जवाबदेही, निर्धारित प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं पुलिस कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार सहित विभिन्न मानकों का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण में पुलिस कार्यालयों एवं थानों में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं को भी देखा गया। इनमें महिला ऊर्जा केंद्र, बाल मित्र कक्ष एवं वात्सल्य कक्ष जैसी सुविधाएं शामिल हैं। निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाएं पाए जाने पर आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की गई।

सकारात्मक एवं मानवीय पुलिसिंग को बढ़ावा देने की अभिनव पहल

आईएसओ प्रमाणन के दौरान पुलिस थानों में सकारात्मक एवं मानवीय वातावरण विकसित करने की दिशा में बड़वानी पुलिस द्वारा किए गए नवाचार को भी विशेष महत्व मिला। जिले के सभी थानों की हवालात की दीवारों पर प्रेरक कहानियों, सकारात्मक संदेशों एवं कार्टून के माध्यम से विशेष चित्रांकन कराया गया है।

इस पहल का उद्देश्य निरुद्ध व्यक्तियों में आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच एवं नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपराध से दूर रहकर बेहतर एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल पुलिसिंग में केवल कानून के अनुपालन तक सीमित न रहकर सुधारात्मक एवं मानवीय दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का उदाहरण है।

इन पुलिस इकाइयों को मिला आईएसओ प्रमाणन

बड़वानी जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी, थाना कोतवाली, थाना सिलावद, थाना सेंधवा शहर, थाना सेंधवा ग्रामीण एवं थाना राजपुर को आईएसओ प्रमाणन प्रदान किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story