मप्र: लोकभवन में मनाया गया भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान दिवस

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: लोकभवन में मनाया गया भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान दिवस


राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, जनजातीय गौरव और राष्ट्रसेवा में योगदान को किया नमन

भोपाल, 09 जून (हि.स.)। जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर मंगलवार को लोकभवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

लोकभवन के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के उप सचिव सुनील दुबे सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर भगवान बिरसा मुंडा के राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। राष्ट्र की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए उनके त्याग और बलिदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का योगदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और सामाजिक न्याय के लिए प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story