मप्र विधानसभा के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक 27 अप्रैल को

WhatsApp Channel Join Now
मप्र विधानसभा के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक 27 अप्रैल को


भाेपाल, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रस्तावित एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने 27 अप्रैल, साेमवार को कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 9 बजे भोपाल स्थित नेता प्रतिपक्ष के निवास पर आयोजित होगी, जिसमें पार्टी के सभी विधायकों की उपस्थिति अपेक्षित है।

कांग्रेस द्वारा शनिवार को जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी कि बैठक में मुख्य रूप से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस इस विषय पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करेगी। पार्टी का आरोप है कि संशोधन के नाम पर महिला आरक्षण को लागू करने में देरी की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि विशेष सत्र महिला सशक्तीकरण पर केंद्रित बताया जा रहा है, लेकिन सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण को टालने के लिए प्रक्रियात्मक कारणों का सहारा लिया जा रहा है।

‘आरक्षण लागू हो तो समर्थन’

सिंघार ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार वर्तमान सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू करती है, तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी। साथ ही उन्होंने सत्तारूढ़ दल पर महिलाओं के मुद्दे को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि विशेष सत्र के दौरान यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया जाएगा और सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story