मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 27 अप्रैल को, ‘नारी शक्ति वंदन’ पर होगी चर्चा, अधिसूचना जारी

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 27 अप्रैल को, ‘नारी शक्ति वंदन’ पर होगी चर्चा, अधिसूचना जारी


भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 27 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए इस विशेष सत्र को आमंत्रित किया है। विधानसभा सचिवालय ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस विशेष सत्र में ‘नारी शक्ति वंदन’ से जुड़े मुद्दों, महिला आरक्षण और नारी सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा होगी।

नारीशक्ति वंदन अधिनयम पर यह एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है। इसमें सभी सदस्यों को उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया गया है। सभी विधायक इस दिन राजधानी भोपाल में जुटेंगे। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। यह भी संभावना जताई जा रही है कि सरकार महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव ला सकती है। इससे पहले डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर विधानसभा में गंभीर और व्यापक चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि सत्र से पहले साेमवार काे राजधानी भोपाल में भाजपा द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में आक्रोश रैली भी निकाली गई थी, जिसमें महिला अधिकारों और उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर पार्टी ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। राजनीतिक दृष्टि से अहम इस सत्र में ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के साथ-साथ महिलाओं को विधानसभाओं और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर भी जोर रहेगा। ऐसे में यह विशेष सत्र राज्य की राजनीति और नारी सशक्तिकरण के एजेंडे के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story