कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डेढ़ लाख से अधिक कांवड़ियों ने किया भगवान शिव का अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डेढ़ लाख से अधिक कांवड़ियों ने किया भगवान शिव का अभिषेक


कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब, डेढ़ लाख से अधिक कांवड़ियों ने किया भगवान शिव का अभिषेक


- 13 संदिग्ध महिलाएं हिरासत में

सीहोर, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में स्थित प्रसिद्ध कुबेरेश्वरधाम पर सावन मास के तीसरे सोमवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमवार को डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

सावन मास में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी से जल लेकर पैदल कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। सोमवार को सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक करीब 11 किलोमीटर का पूरा मार्ग कांवड़ यात्रियों से शिवमय नजर आया। बारिश के बीच भी महिला, युवा और बुजुर्ग शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ कांवड़ लेकर धाम पहुंचे।

कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए सीवन नदी से लेकर धाम तक अनेक स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा सेवा स्टॉल लगाए गए हैं। इन सेवा केंद्रों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, फलाहार, चाय और प्रसादी की व्यवस्था की जा रही है। विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एवं समाजसेवी पूरे सेवाभाव के साथ कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर उनकी सेवा में जुटे हुए हैं।

भीड़ के बीच जेबकतरी-चोरी रोकने पुलिस का सादा कपड़ों में पहरा

कुबेरेश्वर धाम में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत 13 संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि यह कार्रवाई मंडी थाना पुलिस द्वारा की गई है। कुबेरेश्वर धाम में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व और अपराधी जेबकतरी, मोबाइल छीनने, सोने की चेन स्नेचिंग और सामान चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश करते हैं।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार व्यापक प्रबंध कर रही है। हिरासत में ली गई 13 संदिग्ध महिलाओं में से कुछ के खिलाफ झगड़े-विवाद और न्यूसेंस फैलाने की आशंका पर प्रतिबंधात्मक गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। अन्य महिलाओं से चोरी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में पूछताछ जारी है। धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विशेष रणनीति अपना रही है। एडिशनल एसपी ने बताया कि पुलिस टीमें सादे कपड़ों में तैनात होकर गोपनीय तरीके से निगरानी कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या आपराधिक प्रयास को समय रहते रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

भक्ति में दिखावे की आवश्यकता नहीं

सोमवार को धाम पर पहुंचे कथावाचक पंडित राघव मिश्रा ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति में किसी प्रकार के दिखावे और आडंबर की आवश्यकता नहीं है। भगवान भाव के भूखे हैं और सच्चे मन से की गई भक्ति ही सबसे बड़ी साधना है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में चरित्र, ज्ञान और व्यवहार का विशेष महत्व है। इन तीनों चीजों की नकल कोई नहीं कर सकता। व्यक्ति का चरित्र उसके कर्मों, ज्ञान उसके आचरण और व्यवहार उसके संस्कारों से दिखाई देता है।

25 अगस्त को निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन मास के प्रत्येक सोमवार को सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आगामी 25 अगस्त को भी भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 100 से अधिक स्थानों पर सेवा केंद्र बनाए जाएंगे, जहां विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के सेवादार पेयजल, फलाहार, चाय और प्रसादी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि प्रशासन एवं विभिन्न सेवा संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सीवन नदी के तट से कुबेरेश्वरधाम तक लगातार दिखाई दे रही कांवड़ यात्रियों की भीड़, भगवा ध्वज और सेवा पंडालों ने पूरे क्षेत्र को शिवभक्ति और सेवा के रंग में रंग दिया है। सावन के तीसरे सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने कुबेरेश्वरधाम की भक्ति और आस्था को और व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story