मप्रः राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने प्रदेशवासियों को दी ईद की मुबारकबाद

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने प्रदेशवासियों को दी ईद की मुबारकबाद


- मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का हो रहा समावेशी विकासः कृष्णा गौर

भोपाल, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने प्रदेशवासियों को ईद की मुबारकबाद एवं बधाई दी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ईद के पावन अवसर पर आपसी सद्भाव, शांति और एकता को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लेने की अपील की।

राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने शुक्रवार को एक संदेश में कहा कि ईद केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, भाईचारे, त्याग और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है, जो समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का कार्य करता है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कई प्रभावी पहलें संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को शिक्षा जारी रखने में सहायता मिल रही है। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग सहायता योजनाएँ भी संचालित हैं, जिससे युवा वर्ग को बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार किया गया है, जिनके माध्यम से युवाओं को विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षित कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि मदरसों के आधुनिकीकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें आधुनिक विषयों को शामिल कर विद्यार्थियों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने पर बल दिया जा रहा है। साथ ही, अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि इन क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।

राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं का संचालन करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए पारदर्शिता, मॉनिटरिंग और जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story