खरगोनः नीति आयोग की सीपीओ ने की भगवानपुरा एवं झिरनिया आकांक्षी विकासखंडों की प्रगति की समीक्षा
- स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण पर दिया विशेष जोर, क्षेत्रीय निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
खरगोन, 29 जुलाई (हि.स.)। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा नियुक्त सीपीओ (सेन्ट्रल प्रभारी अधिकारी) मीनू शुक्ला पाठक ने बुधवार को मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के प्रवास के दौरान आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत भगवानपुरा एवं झिरन्या विकासखंडों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का क्षेत्रीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी प्रमुख संकेतकों में सतत सुधार सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आकांक्षी विकासखंड प्रभारी नीरज अमझरे ने पीपीटी के माध्यम से दोनों विकासखंडों की उपलब्धियों, प्रमुख संकेतकों एवं प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान सीपीओ मीनू पाठक ने महिला सशक्तिकरण, नवाचार एवं विभागीय समन्वय को आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की सफलता का आधार बताते हुए स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव बढ़ाने, महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों के पोषण एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा शिक्षा विभाग को ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से प्रत्येक संकेतक में निरंतर सुधार के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक के उपरांत सीपीओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) द्वारा संचालित दीदी कैफे एवं साड़ी सेंटर का अवलोकन कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे आजीविका संवर्धन कार्यों की सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने भगवानपुरा के पटेल फलिया आंगनवाड़ी केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों के पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, संस्थागत प्रसव, एक्स-रे कक्ष, प्रसव कक्ष, औषधि वितरण केन्द्र तथा कंगारू मदर केयर एवं स्तनपान इकाई का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
झिरन्या विकासखंड में सीपीओ मीनू पाठक ने सरोवर समृद्धि अभियान के अंतर्गत सपाटिया तालाब के जीर्णोद्धार एवं गाद निकासी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल संवर्धन तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झिरन्या में नवस्थापित ब्लड स्टोरेज यूनिट का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सीपीओ मीनू शुक्ला पाठक ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम का उद्देश्य केवल संकेतकों में सुधार करना नहीं, बल्कि जनभागीदारी, नवाचार और प्रभावी कार्यप्रणाली के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाना है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए भगवानपुरा एवं झिरन्या को देश के अग्रणी आकांक्षी विकासखंडों में शामिल करने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत भगवानपुरा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कंचन डोंगरे, जनपद पंचायत झिरन्या की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रीमा अंसारी, आकांक्षी विकासखंड फेलो साक्षी राठौर एवं योगेश कुमावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

