खरगोनः लोकायुक्त पुलिस ने एएसआई को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
खरगोनः लोकायुक्त पुलिस ने एएसआई को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा


खरगोन, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शुक्रवार को इंदौर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने कसरावद थाने में पदस्थ एक कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। बिष्टान निवासी फरियादी श्यामलाल उपाध्याय की शिकायत पर यह कार्वाई की गई है।

लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख ने बताया कि खरगोन जिले के ग्राम चंदावड निवासी 69 वर्षीय किसान श्यामलाल उपाध्याय ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कसरावद निवासी राजेश बागदरे ने उनके खिलाफ कसरावद थाने में जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। आरोप है कि इस शिकायत का निराकरण करने और मामले में राहत देने के नाम पर कसरावद थाने में पदस्थ कार्यवाहक एएसआई रवीन्द्र कुमार गुरू ने उनसे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

फरियादी श्यामलाल की शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद शुक्रवार को लोकायुक्त की विशेष टीम का गठन किया गया। सारा मामला समझने के बाद योजना के अनुसार आवेदक को आरोपी से मिलने के लिए भेजा गया। जब आरोपी एएसआई रवीन्द्र कुमार गुरू कसरावद बस स्टैंड पर आवेदक से 7 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, उसी दौरान लोकायुक्त टीम ने अचानक से पहुंचकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपित एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story