खरगोनः कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया शिव डोला मार्ग का निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
खरगोनः कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया शिव डोला मार्ग का निरीक्षण


- 30 अगस्त को निकलेगा शिव डोला, कलेक्टर-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

खरगोन, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन में आगामी 30 अगस्त को आयोजित होने वाले पारंपरिक शिव डोला को लेकर कलेक्टर गुरु प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने गुरुवार को शिव डोला मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आयोजन के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुरु प्रसाद ने शिव डोला मार्ग को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए मार्ग में बाधा बनने वाले लटकते बिजली के तारों को तत्काल व्यवस्थित कराने, नालियों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा मार्ग की आवश्यक मरम्मत एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को ट्रैफिक संचालन के लिए प्रभावी रूट प्लान तैयार करने, आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती तथा भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिव डोला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों एवं शिव डोला में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आयोजन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें, यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा व्यवस्था बनाए रखने में अपनी सहभागिता निभाएं, जिससे शिव डोला का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हो सके।

इस दौरान अपर कलेक्टर रेखा राठौर, डिप्टी कलेक्टर वीरेंद्र कुमार कटारे, एसडीएम सत्येंद्र बैरवा, नगर पालिका सीएमओ कमला कौल सहित अन्य अधिकारी एवं शिव डोला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story