खंडवाः ‘राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह में ये शाम मस्तानी संगीत संध्या का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
खंडवाः ‘राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह में ये शाम मस्तानी संगीत संध्या का आयोजन


खण्डवा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन – खण्‍डवा के सहयोग से हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्‍य स्‍मृति में उनकी जन्‍मस्‍थली खण्‍डवा के पुलिस परेड ग्राउण्‍ड पर दो दिवसीय ‘राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान अलंकरण समारोह एवं गीत - संगीत संध्‍या’ का आयोजन किया जा रहा है।

इस दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन सोमवार शाम को ‘ये शाम मस्‍तानी’ गीत – संगीत संध्‍या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेडे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्‍थानीय युवा गायक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्‍तुति दी। इन कलाकारों में सुनील शर्मा, संध्‍या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान एवं पूजा पुरा शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन ने किया।

कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्‍या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान वर्ष – 2026 से सुविख्‍यात अभिनेता रघुवीर यादव को अलंकृत किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद सुविख्‍यात गायक सुदेश भोंसले एवं साथी, मुम्‍बई की गीत – संगीत प्रस्‍तुति होगी। यह कार्यक्रम सायं 7 बजे से शुरू होगा, जिसमें प्रवेश पूर्णतः नि:शुल्‍क रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759801 Articles

Share this story