खंडवाः प्रधान जिला न्यायाधीश ने जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनी

WhatsApp Channel Join Now
खंडवाः प्रधान जिला न्यायाधीश ने जिला जेल का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनी


खण्डवा, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने रविवार को जिला जेल का निरीक्षण कर वहां निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, उनके प्रकरणों की स्थिति तथा जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला जेल की प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके प्रकरणों के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से पूछा कि उनके प्रकरणों में अधिवक्ता उपलब्ध है अथवा नहीं तथा किसी बंदी को अपने प्रकरण में विधिक सहायता प्राप्त करने में कोई कठिनाई तो नहीं है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पात्र बंदियों को उनके प्रकरणों में विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बंदियों को अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान प्रधान न्यायाधीश श्रीवास्तव ने दोषसिद्ध बंदियों से उनके प्रकरणों में उच्च न्यायालय, जबलपुर के समक्ष अपील प्रस्तुत किए जाने की स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। जिन दोषसिद्ध बंदियों के प्रकरणों में अपील प्रस्तुत किया जाना आवश्यक पाया गया तथा जो निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से अपील प्रस्तुत कराना चाहते हैं, उनके नाम एवं आवश्यक विवरण उन्होंने नोट किए, ताकि नियमानुसार उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराते हुए अपील प्रस्तुत करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

प्रधान जिला न्यायाधीश ने जेल की पाकशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहित माधव, जेल अधीक्षक डीके सारस, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रीतेश दुबे एवं पैरा लीगल वालंटियर अब्बास अली उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story