खाचरोदः प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने जीवित बेटी की कर दी गोरनी
खाचरोद, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में खाचरोद तहसील के गांव बड़ागांव में एक मेडिकल की छात्रा के प्रेम विवाह से नाराज उसके परिजनों ने उसे मृत घोषित कर रविवार को उसकी गोरनी का कार्यक्रम कर दिया।
परिजनों ने बाकायदा गोरनी का कार्ड भी छुपाया और उसे पर जीवित बेटी को सामाजिक रूप से मृत बताकर उसका कार्यक्रम किया। कार्यक्रम में गांव व आसपास के लोगों को निमंत्रण दिया गया लगभग 1200 लोगों को भोजन भी कराया ।
जानकारी के अनुसार बड़ा गांव निवासी भेरूलाल पाटीदार की पोती स्वाति पाटीदार 28 जुलाई को रात्रि 3:00 बजे परिजनों को बिना बताए घर छोड़ कर चली गई। परिजनों ने जब इसका पता लगाया तो पता चला कि उसने गांव के ही अपनी समाज के एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया। इस बात से नाराज होकर उसके परिजनों ने उसका मृत्यु कार्ड छपवाकर उसे मृत मानकर उस का कार्यक्रम रविवार दोपहर को समाज की धर्मशाला में कर दिया।
युवती के पिता ने बताया कि स्वाति ने जिससे प्रेमी विवाह किया है, वह लड़का परिवार से जुड़ा है और रिश्ते में भाई लगता है। स्वाति रतलाम से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

