मप्रः हैरी बॉक्सर गैंग का प्रमुख सदस्य एवं इनामी आरोपी मुरैना से गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः हैरी बॉक्सर गैंग का प्रमुख सदस्य एवं इनामी आरोपी मुरैना से गिरफ्तार


भोपाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। हैरी बॉक्सर गैंग से संबंधित अशोकनगर, इंदौर, भोपाल एवं खरगोन जिलों में घटित संगठित अपराधों की विवेचना के लिए गठित एसटीएफ की विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। हैरी बॉक्सर गैंग के सक्रिय सदस्य एवं 20 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी प्रदीप शुक्ला को मुरैना जिले से गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि 11-12 फरवरी को थाना कोतवाली, जिला अशोकनगर में दर्ज अपराध के तहत स्थानीय व्यापारी को लॉरेन्स विश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुये हैरी बॉक्सर द्वारा फिरौती की धमकी दी गई थी। इस प्रकरण में पूर्व में अशोकनगर पुलिस द्वारा मनीष जांगिड़ (जयपुर), पवन शर्मा (गोरमी, भिण्ड) एवं दिनेश सुथार (बीकानेर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण का मुख्य आरोपी प्रदीप शुक्ला निवासी डिफेंस कॉलोनी, जिला आगरा (उ.प्र.) घटना के बाद से फरार था, जिस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी प्रदीप शुक्ला ने सह-आरोपी मनीष जांगिड़ को फरियादी के घर की रेकी एवं फायरिंग के लिए निर्देशित करते हुए गोरमी (भिण्ड) एवं गोवा से ऑनलाइन माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई थी। आरोपी प्रदीप शुक्ला हैरी बॉक्सर गैंग का प्रमुख सदस्य है, जिसके विरुद्ध पूर्व से फिरौती, रंगदारी एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के कुल 09 प्रकरण दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह राजस्थान, पंजाब एवं उत्तर प्रदेश में लगातार स्थान बदलकर रह रहा था।

एसटीएफ एवं एसआईटी की विशेष टीमों द्वारा लगातार की जा रही पतारसी के फलस्वरूप गत दिवस को आरोपी को शिकारपुर, जिला मुरैना से आते समय गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध विधि अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story