मप्रः इंदौर में बुलेट चलाते नजर आए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पीछे बैठे सिलावट

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः इंदौर में बुलेट चलाते नजर आए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पीछे बैठे सिलावट


इंदौर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के इंदौर में लव-कुश डबल डेकर ब्रिज पर शनिवार को मंत्रियों का अलग अंदाज देखने को मिला। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुलेट चलाते नजर आए, जबकि मंत्री तुलसीराम सिलावट उनके पीछे बैठे थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। ब्रिज पर बाइक चलाते हुए विजयवर्गीय इसकी खासियतें भी बताते रहे। मंत्रियों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

लव-कुश डबलडेकर फ्लाईओवर की दूसरी भुजा 28 अक्टूबर से यातायात के लिए शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसीराम सिलावट ने लव-कुश चौराहे का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक रमेश मेंदोला, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, आईडीए के सीईओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि लव-कुश ब्रिज मध्य प्रदेश का पहला ऐसा ब्रिज है, जहां सड़क के ऊपर फ्लाईओवर और उसके ऊपर मेट्रो ट्रैक की व्यवस्था है। इसके अलावा ऊपरी स्तर पर भी फ्लाईओवर बनाया गया है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि इसका निर्माण भाजपा सरकार में हुआ है।

विजयवर्गीय के मुताबिक, करीब 175 करोड़ रुपये की लागत से बना यह फ्लाईओवर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा है। इसके निर्माण में इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) की अहम भूमिका रही। उन्होंने बताया कि ब्रिज का निर्माण तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था और इसे लेकर इंजीनियरों के साथ कई बार चर्चा की गई।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि आगामी सिंहस्थ को देखते हुए यह ब्रिज महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इसके शुरू होने से उज्जैन रोड, सुपर कॉरिडोर, बाणगंगा और एमआर-10 की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी सुविधा मिलेगी। इंदौर एयरपोर्ट से उज्जैन की कनेक्टिविटी बेहतर करने में भी यह अहम भूमिका निभाएगा।

मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फ्लाईओवर की पहली भुजा का लोकार्पण किया था। इसके बाद अरबिंदो अस्पताल से बाणगंगा की ओर यातायात शुरू हो गया था। दूसरी भुजा शुरू होने से चौराहे पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन के लिहाज से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766329 Articles

Share this story