पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के निर्माण में निभाती है महत्वपूर्ण भूमिका: नरेन्द्र सिंह तोमर

WhatsApp Channel Join Now
पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के निर्माण में निभाती है महत्वपूर्ण भूमिका: नरेन्द्र सिंह तोमर


पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के निर्माण में निभाती है महत्वपूर्ण भूमिका: नरेन्द्र सिंह तोमर


- सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं अलंकरण समारोह में हुए शामिल विधानसभा अध्यक्ष

- वरिष्ठ पत्रकारों को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान, पत्रकारिता की मौजूदा स्थिति पर हुआ संवाद

भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारों को निरंतर आत्मचिंतन और आत्मविश्लेषण करते हुए स्वयं को निखारने का प्रयास करना चाहिए। पत्रकारिता समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर बुधवार शाम को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार ‘मिंटो हॉल’ में सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता में जिम्मेदारी, तथ्यपरकता और सामाजिक सरोकारों को और अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।

तोमर ने कहा कि पत्रकारिता ही नहीं, वर्तमान परिस्थितियों में जीवन का हर क्षेत्र अवमूल्यन से गुजर रहा है। समय-समय पर लोग प्रयत्न करते हैं कि यह शरण रुके और मूल्य स्थापित हों। यह मिली-जुली प्रक्रिया चलती रहती है। इसी के कारण संतुलन बना रहता है। पत्रकारिता सभी को दिशा देने का काम करती है और यह उसकी जिम्मेदारी भी है। पत्रकार विचार करें कि मूल्यांकन के इस दौर में वे कैसे दीवार बनकर अवमूल्यन को रोक सकते हैं और मूल्य की स्थापना में अपना योगदान दे सकते हैं। पत्रकार स्वयं से जितना यह सवाल करेंगे और इसका उत्तर खोजेंगे समाज का उतना ही अधिक दिग्दर्शन होगा।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष रघु ठाकुर, पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार महेश श्रीवास्तव, एनके सिंह, राजेंद्र शर्मा, विजयदत्त श्रीधर सहित वरिष्ठ पत्रकारों को उनकी सुदीर्घ पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग की कमान संभाल चुके आईएएस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मान उपरांत विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा होती ही है और जहां प्रतिस्पर्धा है वहां प्रोत्साहन भी होना चाहिए। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी नई पीढ़ी को समय-समय पर अपने वरिष्ठों के प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है।

तोमर ने अनुभव की तुलना बरगद से करते हुए कहा कि 50 साल पुराना बरगद का पेड़ कुछ लोगों को छाया देता है लेकिन 100 साल पुराना बरगद का पेड़ अधिक समाज को छाया देता है। कार्यक्रम में सम्मानितक वरिष्ठ पत्रकार भी ऐसे ही वट वृक्ष की तरह हैं जिनकी छाया जब-जब नहीं पीढ़ी को मिलेगी वह निश्चित रूप समृद्ध होगी। नई पीढ़ी उन्हें देख कर, समझ कर और पढ़कर सशक्त होगी तथा अपने जीवन को सार्थक करेगी।

कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर संवाद हुआ। विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और निर्भीकता को बनाए रखने की आवश्यकता पर विचार रखे। सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के अध्यक्ष विजयकुमार दास ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ और नई पीढ़ी के पत्रकारों को एक मंच पर लाकर पत्रकारिता के अनुभव और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story