पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ, समाज की आवाज बनें पत्रकार: विधानसभा अध्यक्ष तोमर
- खरगोन में पत्रकारिता सम्मेलन में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष
खरगोन, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बुधवार को खरगोन में श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित वार्षिक प्रांतीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज की आंख और कान हैं, जिनकी कलम के माध्यम से आमजन की पीड़ा, समस्याएं और अपेक्षाएं शासन-प्रशासन तक पहुंचती हैं।
तोमर ने कहा कि पत्रकारों का दायित्व केवल घटनाओं का प्रकाशन नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना भी है। पत्रकारों की लेखनी में विश्वसनीयता और संतुलन बना रहना चाहिए, क्योंकि समाज आज भी पत्रकार की लिखी बातों पर भरोसा करता है। आज के समय में स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता करना चुनौतियों से भरा है। कई बार जोखिम भी उठाने पड़ते हैं, लेकिन इसके बावजूद पत्रकार अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी पहचान और साख का सदैव ध्यान रखना चाहिए और जो भी लिखा जाए, वह समाज के लिए प्रेरणादायक हो।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि गांव, गरीब और वंचित वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उजागर करना पत्रकारिता का मूल धर्म है। सरकार को आईना दिखाने का कार्य भी मीडिया का है, ताकि योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो सके और कमियों में सुधार किया जा सके। संपादकीय अखबार की आत्मा होता है, जिससे अखबार की सोच, दृष्टि और वैचारिक दिशा स्पष्ट होती है। एक सकारात्मक और प्रेरक लेख समाज के कई लोगों के जीवन में परिवर्तन ला सकता है। यदि किसी एक लेख से भी कुछ लोगों को सही दिशा मिलती है, तो वह पत्रकारिता की बड़ी उपलब्धि है।
पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर उठाए गए मुद्दे पर सहमति व्यक्त करते हुए तोमर ने कहा कि इस दिशा में शासन स्तर पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। पत्रकारों को सुरक्षित वातावरण और सम्मान मिलना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजक टीम की सराहना की और दूर-दराज से आए सभी पत्रकार साथियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों को एकजुट करने और विचार-विमर्श के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

