जिहादियों में खत्म हो गया हिन्दू संगठनों का डर, इसीलिए बढ़ रही लव जिहाद की घटनाएं: तोगड़िया
विदिशा, 02 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने एक बार फिर लव जिहाद की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के लिए काम करने वाले संगठनों का जिहादियों में डर खत्म हो गया है, जिसके परिणामस्वरूप देश में लव जिहाद की घटनाएं बढ़ रही हैं।
डॉ. तोगड़िया शनिवार को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। वे अपने संगठन के विस्तार के उद्देश्य से भ्रमण कार्यक्रम के तहत गंजबासौदा पहुंचे थे। यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. तोगड़िया ने बताया कि उनकी आगामी योजना के तहत हर छोटे गांव और शहर में हनुमान चालीसा का पाठ कराया जाएगा। इन आयोजनों के साथ ही लोगों के ब्लड प्रेशर और शुगर की निशुल्क जांच भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हनुमान चालीसा पाठ के दौरान एकत्रित लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी योजना बनाई जा रही है। इसके लिए वे देश भर में भ्रमण कर संगठन का विस्तार कर रहे हैं।
उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की वकालत की और कहा कि जो लोग इस कानून के दायरे में नहीं आते, उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिलना चाहिए। डॉ. तोगड़िया ने लव जिहाद की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि हिंदुत्व के लिए काम करने वाले संगठनों का जिहादियों में डर खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र हिंदुओं के बल पर ही बनेगा। उन्होंने अन्य संगठनों और व्यक्तियों को अपनी शर्तों के साथ जुड़ने का आह्वान किया, जो हिंदू हित के कार्यों में सहयोग करेंगे।
विश्व हिंदू परिषद से अलग होने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राम मंदिर निर्माण के दौरान उनके हाथ बंधे हुए महसूस हो रहे थे, जिसके कारण उन्होंने संगठन से अलग होने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि अब राम मंदिर का निर्माण हो चुका है, इसलिए सभी संगठन और उनके सदस्य उनके अपने हैं। पत्रकार वार्ता के बाद डॉ. तोगड़िया गंजबासौदा शहर में कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल हुए और संगठन विस्तार की आगामी योजनाओं पर चर्चा की। उनके दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी तैनात रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

