झाबुआ: विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मत्स्य कृषकों हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
झाबुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मत्स्य पालन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने तथा मत्स्य कृषकों को आधुनिक तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से नेशनल फिशरीज डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा ऑनलाइन माध्यम से शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला मत्स्योद्योग कार्यालय, झाबुआ में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के मत्स्य पालन व्यवसाय से जुड़े मत्स्य कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग, झाबुआ एस.के. बर्मन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मत्स्य कृषकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक मत्स्य पालन तकनीकों, मत्स्य बीज संवर्धन, मत्स्य उत्पादन में वृद्धि तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
ऑनलाइन सत्र के माध्यम से विषय विशेषज्ञों ने मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी एवं व्यावसायिक रूप से सुदृढ़ बनाने के उपायों पर प्रकाश डाला। साथ ही मत्स्य उत्पादन की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा उपलब्ध शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर मत्स्य कृषकों की आय में वृद्धि करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य मत्स्य कृषकों को नवीन तकनीकों एवं योजनाओं से जोड़कर मत्स्य पालन व्यवसाय को बढ़ावा देना तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

