झाबुआः बालिकाओं की सुविधाओं से लेकर भोजन की गुणवत्ता तक, संभागायुक्त ने परखी छात्रावास की व्यवस्थाएं

WhatsApp Channel Join Now
झाबुआः बालिकाओं की सुविधाओं से लेकर भोजन की गुणवत्ता तक, संभागायुक्त ने परखी छात्रावास की व्यवस्थाएं


- कल्याणपुरा छात्रावास का निरीक्षण कर सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इंदौर, 18 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने शुक्रवार को झाबुआ जिले में मॉडल स्कूल कल्याणपुरा स्थित बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट भी साथ थे।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने छात्रावास में दर्ज बालिकाओं की संख्या एवं उपस्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि छात्रावास में कुल 200 बालिकाएं दर्ज हैं तथा वर्तमान में 150 बालिकाएं छात्रावास में निवासरत हैं, जो निरीक्षण के समय विद्यालय गई हुई थीं। संभागायुक्त ने छात्रावास में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

संभागायुक्त लाक्षाकार ने छात्रावास की भोजनशाला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बालिकाओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए भोजन व्यवस्था एवं रसोईघर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता बनाए रखने तथा बालिकाओं को निर्धारित मापदंड के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास में बालिकाओं के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए, जिससे अध्ययन के साथ-साथ बालिकाओं को खेलकूद गतिविधियों में सहभागिता के पर्याप्त अवसर मिल सकें। वहीं छात्रावास में कार्यरत रसोइयों द्वारा मानदेय प्राप्त नहीं होने की जानकारी दिए जाने पर संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महेश मंडलोई एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story