राहगीरों से मोबाइल झपटने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, 6 मोबाइल व मोटरसाइकिल जब्त
जबलपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में ओमती थाना पुलिस ने गुरुवार को राहगीरों से मोबाइल झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटे गए 6 मोबाइल फोन, मोबाइल बेचकर मिले नगद 2 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मोबाइलों की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार संजय गांधी नगर कैंट निवासी शुभांगी यादव के साथ 2 फरवरी को लूट की घटना हुई थी, वह अपनी बहन के साथ भंवरताल गार्डन स्थित चर्च के पास जा रही थी। तभी दोपहर करीब 2 बजे काले रंग की मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोटोरोला कंपनी का मोबाइल झपट लिया और दोनों मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट के आधार पर थाना ओमती में अपराध क्रमांक 65/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर पीली कोठी के पास दबिश देकर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अमन अंसारी और अदनान अंसारी बताए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने भंवरताल गार्डन, ग्वारीघाट नर्मदा जयंती कार्यक्रम और जबलपुर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 6 के पास अलग-अलग लोगों से कुल 6 मोबाइल झपटने की वारदात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि झपटे गए मोबाइल अपने साथियों शानू उर्फ इमरान अंसारी, मोहम्मद अफजल और गुड्डू उर्फ शमशाद अंसारी को बेच दिए थे और रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने सरगर्मी से तलाश कर शानू उर्फ इमरान अंसारी,मोहम्मद अफजल और गुड्डू उर्फ शमशाद अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से झपटे गए सभी 6 मोबाइल फोन,घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और नगद राशि बरामद की गई। पुलिस अन्य मोबाइल मालिकों की पहचान करने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

