जापान की टीम ने एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइन एवं सब स्टेशन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जापान की टीम ने एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइन एवं सब स्टेशन का किया निरीक्षण


जापान की टीम ने एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइन एवं सब स्टेशन का किया निरीक्षण


- एसएलडीसी और स्काडा सेंटर की प्रशंसा की

भोपाल, 23 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दौरे पर आई जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) की टीम ने सोमवार को कटनी जिले में प्रदेश के ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण हेतु एमपी पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में संचालित जायका-2 वित्त पोषित विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।

जायका जापान की इवैल्यूएटर हिसाए ताकाहाशी एवं जायका के भारतीय प्रतिनिधि कुनाल गुप्ता ने निर्माण कार्यों, उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन की बारीकी से जांच-पड़ताल की। उन्होंने इस दौरान एसएलडीसी और स्काडा सेंटर की प्रशंसा की।

ढीमरखेडा लाइन एवं सब स्टेशन का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान टीम ने सर्वप्रथम कटनी जिले के 132 केवी सब स्टेशन ढीमरखेड़ा तथा इसके लिए निर्मित 132 केवी पनागर–ढीमरखेड़ा ट्रांसमिशन लाइन का अवलोकन किया। इवैल्यूएटर ताकाहाशी ने लोन स्वीकृति के समय प्रस्तुत प्रारंभिक योजना, परियोजना के क्रियान्वयन, स्थापित उपकरणों की गुणवत्ता, लागत एवं रखरखाव से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण उपरांत उन्होंने सब स्टेशन एवं ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण अन्तर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

उपयोगिता जानने के लिए स्थानीय नागरिकों से भी की चर्चा

जायका द्वारा वित्त पोषित फंड से निर्मित सब स्टेशन की उपयोगिता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ-साथ जायका टीम ने स्थानीय महिलाओं को बुलाकर उनका प्रत्यक्ष फीडबैक भी लिया। महिलाओं ने बताया कि सब स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब उन्हें पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली मिल रही है, जिससे सिंचाई के लिए भी पर्याप्त विद्युत उपलब्ध हो रही है। इससे उनके आर्थिक एवं सामाजिक स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर और स्काडा का भी किया अवलोकन

जायका टीम ने एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी ) एवं स्वदेशी तकनीकी एवं उपकरणों से निर्मित स्काडा कंट्रोल सेंटर का भी अवलोकन किया और उसकी कार्य प्रणाली की प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान एमपी ट्रांसको के मुख्य अभियंता केएम सिंघल, अधीक्षण अभियंता आरसी शर्मा, कार्यपालन अभियंता एपीएस चौहान, शशि शेखर, रविराज पटेल, सहायक अभियंता जितेन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story