मप्रः ‘जनपरिचय’ से नागरिकों को मिलेगी सभी शासकीय सेवाओं के लिए एकल लॉगिन की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः ‘जनपरिचय’ से नागरिकों को मिलेगी सभी शासकीय सेवाओं के लिए एकल लॉगिन की सुविधा


- जनपरिचय के प्रभावी क्रियान्वयन एवं तकनीकी एकीकरण पर भोपाल में हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला

भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि जनपरिचय नागरिकों की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण और समयानुकूल पहल है। जनपरिचय से नागरिकों को सभी शासकीय सेवाओं के लिए एकल लॉगिन की सुविधा मिलेगी।

अपर मुख्य सचिव शुक्ला शुक्रवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में ‘जनपरिचय – मेरी पहचान’ (नेशनल सिंगल साइन-ऑन–एनएसएसओ) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं तकनीकी एकीकरण पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, केन्द्र सरकार द्वारा किया गया।

अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने कहा कि डिजिटल सेवाओं का उद्देश्य नागरिकों का समय बचाना और प्रक्रियाओं को सरल बनाना होना चाहिए। बार-बार ओटीपी दर्ज करने जैसी प्रक्रियाओं को कम करने के लिए सेवाओं का सुरक्षित ऑटोमेशन आवश्यक है। एक बार नागरिकों का डेटाबेस तैयार होने के बाद विभिन्न विभागों एवं संस्थानों को आवश्यकतानुसार प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे नागरिकों का समय बचेगा और शासकीय सेवाएं अधिक सरल एवं सहज बनेंगी।

उन्होंने कहा कि डेटा प्राइवेसी एवं सुरक्षा के मजबूत प्रावधानों के साथ जनपरिचय के माध्यम से नागरिक-केंद्रित, सुगम और सुरक्षित सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सकता है। राज्य सरकार एनआईसी के साथ समन्वय कर इस पहल को आम नागरिकों तक पहुंचाएगी और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की पहचान को और मजबूत करेगी।

कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न विभागों ने अपने नागरिक-केंद्रित पोर्टल, एप्लीकेशन एवं मोबाइल एप्लीकेशन को राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म से निर्धारित समय-सीमा में एकीकृत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एक ही अकाउंट से प्रदेश सहित केंद्र एवं अन्य राज्यों की सेवाओं तक मिलेगी पहुंच

राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी एवं उप महानिदेशक, एनआईसी मध्य प्रदेश सुनील जैन ने बताया कि प्रदेश शासन के विभिन्न विभागों की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वर्तमान में नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए विभिन्न पोर्टल पर पंजीयन कराने और अलग-अलग लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड का उपयोग करना पड़ता है। जनपरिचय के माध्यम से एकल लॉगिन की सुविधा उपलब्ध होने से नागरिक एक ही अकाउंट के जरिए मध्यप्रदेश सहित केंद्र सरकार एवं अन्य राज्यों के विभिन्न पोर्टल और एप्लीकेशन का उपयोग कर सकेंगे।

जैन ने बताया कि आगामी एक-दो माह में प्रदेश के सभी विभागों के पोर्टल एवं एप्लीकेशन की समीक्षा कर उन्हें जनपरिचय से एकीकृत किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग एवं डेवलपमेंट टीम की व्यवस्था की गई है। कार्यशाला का उद्देश्य विभागों को इस प्रक्रिया से अवगत कराना और नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं का उपयोग अधिक सरल, सहज एवं सुविधाजनक बनाना है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त दिनेश जैन ने बताया कि उनका विभाग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उपार्जन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन करता है, जिनसे प्रदेश की बड़ी आबादी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के डिजिटल जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभाग की प्रमुख एप्लीकेशन्स को निर्धारित समय-सीमा में राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म से एकीकृत किया जाएगा।

नागरिकों को बार-बार पंजीयन की आवश्यकता से मिलेगी मुक्ति

कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में शासकीय एप्लीकेशन एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग में नागरिकों के समक्ष आने वाली चुनौतियों और वर्तमान परिदृश्य पर चर्चा की गई। बताया गया कि जनपरिचय के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय पोर्टल एवं एप्लीकेशन पर बार-बार पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। एकीकृत प्रोफाइल के माध्यम से वे जनपरिचय से जुड़ी केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न सेवाओं तक सहजता से पहुंच सकेंगे। इससे शासकीय सेवाओं का उपयोग सरल, सुगम एवं त्वरित होगा।

एप्लीकेशन डेवलपर्स के लिए प्लग-एंड-प्ले प्रमाणीकरण की सुविधा

तकनीकी सत्र में एप्लीकेशन डेवलपर्स एवं विभागीय तकनीकी टीमों को जनपरिचय की प्लग-एंड-प्ले प्रमाणीकरण सुविधा की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस व्यवस्था से विभागीय एप्लीकेशन में अलग से कस्टम लॉगिन, ओटीपी एवं पासवर्ड रिकवरी मॉड्यूल विकसित करने और उनका रखरखाव करने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही ओऑथ 2.0, ओपन आईडी कनेक्ट, सैमल एवं एपीआई आधारित एकीकरण मानकों तथा टोकन प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला में जनपरिचय के साथ शासकीय वेब पोर्टल एवं मोबाइल एप्लीकेशन को जोड़ने की चरणबद्ध प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। प्रमाणीकरण प्रक्रिया, टोकन प्रबंधन एवं स्टेजिंग एनवायरनमेंट में परीक्षण का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इससे विभागीय तकनीकी टीमों को एकीकरण की व्यावहारिक प्रक्रिया समझने में सहायता मिली।

पंजीयन, केवायसी एवं सिंगल-क्लिक ऑनबोर्डिंग का किया प्रदर्शन

कार्यशाला में जनपरिचय प्लेटफॉर्म पर पंजीयन, केवायसी एवं सिंगल-क्लिक ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसमें उपयोगकर्ता के पंजीयन एवं प्रोफाइल सत्यापन, विभागीय उपयोगकर्ताओं के मौजूदा डेटाबेस के प्रबंधन, उपयोगकर्ताओं की मैपिंग तथा विभिन्न नागरिक समूहों के लिए सेवाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।

इस दौरान एनआईसी मुख्यालय एवं मध्यप्रदेश की विशेषज्ञ टीम ने राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म की प्रणाली संरचना, प्रमुख विशेषताओं, साइबर सुरक्षा मानकों एवं समर्थित एकीकरण प्रक्रियाओं पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं। तकनीकी सत्रों में वी. टी. वी. रमणा, उप महानिदेशक एवं समूह समन्वयक, दयाल खंडेलवाल, उप महानिदेशक, एनआईसी मुख्यालय तथा संजय शर्मा, वरिष्ठ निदेशक एवं विभागाध्यक्ष, जनपरिचय ने एनआईसी मुख्यालय की विशेषज्ञ टीम के साथ एनएसएसओ प्लेटफॉर्म की सिस्टम आर्किटेक्चर, प्रमुख विशेषताओं, साइबर सुरक्षा अनुपालनों, समर्थित एकीकरण मानकों (ओऑथ 2.0, ओपनआईडी कनेक्ट, सैमल एवं एपीआई आधारित कार्यप्रवाह), नागरिकों के केवायसी एवं पंजीकरण (ऑनबोर्डिंग) की प्रक्रियाओं और वास्तविक उपयोग पर आधारित केस स्टडीज का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया। केस स्टडी के माध्यम से विभिन्न विभागीय एप्लीकेशन के एकीकरण की संभावनाओं को भी समझाया गया।

लाइव डेमो एवं प्रश्नोत्तरी से तकनीकी शंकाओं का हुआ समाधान

कार्यशाला में आयोजित लाइव डेमो, केस स्टडी एवं प्रश्नोत्तरी सत्र में विभिन्न विभागों के आईटी नोडल अधिकारियों, प्रोग्रामर्स एवं तकनीकी सलाहकारों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतिभागियों को विभागीय पोर्टल के मौजूदा यूजर डेटाबेस के समन्वय, नागरिकों की मैपिंग एवं एकीकृत प्रमाणीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। लाइव प्रदर्शन एवं खुले प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों की तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story