मप्र से होकर गुजरेंगी वाराणसी से वडनगर आने-जाने वाली “जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा”

WhatsApp Channel Join Now
मप्र से होकर गुजरेंगी वाराणसी से वडनगर आने-जाने वाली “जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा”


मप्र से होकर गुजरेंगी वाराणसी से वडनगर आने-जाने वाली “जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा”


- प्रदेश के सभी 55 जिलों में 13 निर्धारित मार्गों से निकलेगी यात्रा, प्रत्येक टोली में शामिल होंगे 100 यात्री

भोपाल, 15 सितम्बर (हि.स.)। समाज में सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बीच 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक “जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा” निकाली जाएगी। जनसेवा और सामाजिक सरोकार को समर्पित यह यात्रा मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों से होकर गुजरेगी।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेशभर में यात्रा के संचालन के लिए 13 मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लगभग तीन सप्ताह तक चलने वाले इस वृहद आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।

उन्होंने बताया कि आयोजन की रूपरेखा के अनुसार, यात्रा की प्रत्येक टोली में लगभग 100 यात्री सहभागिता करेंगे। यह टोलियां पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न नगरों, कस्बों और ग्रामों से होकर आगे बढ़ेंगी। किसी भी जिले में यात्रा के प्रवेश से लेकर प्रस्थान तक विविध सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों, युवाओं, प्रबुद्धजनों और सामाजिक संस्थाओं को सीधे जोड़ा जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर जन-सहभागिता आधारित सेवा कार्य, संवाद और जनजागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यात्रा केवल एक मार्ग से गुजरने तक सीमित न रहकर स्थानीय स्तर पर लोगों को सेवा और परोपकार के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगी। वडनगर से शुरू होकर वाराणसी तक और वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली यह यात्रा मध्य प्रदेश के सभी अंचलों को एक सूत्र में पिरोएगी। जन-भागीदारी और सेवा के संकल्प के साथ आयोजित हो रही यह यात्रा नागरिकों में सामाजिक उत्तरदायित्व और आपसी सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story