जबलपुरः आज अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत कॉनक्लेव का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः आज अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत कॉनक्लेव का आयोजन


जबलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला पंचायत द्वारा पंचायती राज व्यवस्था में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस पर 'ग्रामीण पंचायती राज महिला नेतृत्व कॉनक्लेव' का आयोजन किया जा रहा है। नारी नेतृत्व-सशक्त पंचायत थीम पर आधारित यह कॉनक्लेव होटल रॉयल आर्बिट में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।

जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गेहलोत ने बताया कि कॉनक्लेव में जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत की 8 सदस्य, 5 जनपद पंचायत अध्यक्ष, 2 जनपद उपाध्यक्ष, 81 जनपद सदस्य तथा 282 ग्राम पंचायतों की सरपंच सहित जबलपुर जिले की कुल 379 निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधि भाग ले रही हैं। कॉनक्लेव में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह तथा राज्य सभा सदस्यसुमित्रा वाल्मिक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

महत्वपूर्ण विषयों पर होंगे तकनीकी सत्र

कॉनक्लेव की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया के स्वागत उद्बोधन के साथ होगी। इसके बाद पंचायती राज में महिला नेतृत्व, ग्राम पंचायतों में स्वयं के आय स्रोत, टैक्सेशन व्यवस्था और ग्रामीण पेयजल प्रबंधन जैसे अहम विषयों पर चर्चा की जाएगी।

राज्य सभा सांसद सुमित्रा वाल्मिक महिला नेतृत्व के महत्व पर अपने विचार रखेंगी। साथ ही 'प्रदान' संस्था के विशेषज्ञों द्वारा सहभागिता, गतिविधि व जल चुनौतियों पर चर्चा कराई जाएगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ग्राम पंचायतों में कर संग्रहण में महिलाओं की भूमिका पर मार्गदर्शन देंगी। इस सत्र में जिले में कर सुधार में उल्लेखनीय कार्य करने वाली दो महिला सरपंच अपने अनुभव साझा करेंगी।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उईके पेयजल प्रबंधन में महिला नेतृत्व पर उद्बोधन देंगी। साथ ही जल कर वसूली में बेहतर प्रदर्शन करने वाली दो सरपंचों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे। कॉनक्लेव के समापन पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761032 Articles

Share this story