जबलपुरः अपर मुख्य सचिव और स्वास्थ्य आयुक्त ने जिला अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः अपर मुख्य सचिव और स्वास्थ्य आयुक्त ने जिला अस्पताल के निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण


- स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लिया जायजा

जबलपुर, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आयुक्त धनराजू एस ने शनिवार को जबलपुर में जिला अस्पताल के निर्माणाधीन नवीन भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को गुणवत्‍ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिये हैं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला अस्पताल में मरीजों को उपलब्‍ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह भी इस अवसर पर उनके साथ थे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला अस्‍पताल के निर्माणाधीन नवीन भवन का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी, ठेकेदार एवं संबंधित अभियंताओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन निर्माण में सुरक्षा मानकों, तकनीकी गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अपर मुख्‍य सचिव वर्णवाल और स्‍वास्‍थ्‍य आयुक्‍त धनराजू ने जिला अस्पताल की ओपीडी पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण कर कहा कि अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, ताकि नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। उन्‍होंने अस्‍पताल के ओपीडी कक्षों का भ्रमण कर उपचार सुविधाओं, रोगी अनुकूल वातावरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किये।

अधिकारियों ने अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला, पैथोलॉजी विभाग एवं जिला औषधि भंडार का भी निरीक्षण किया। औषधियों के भंडारण, रख-रखाव एवं उपलब्धता संबंधी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही दवाओं के वैज्ञानिक भंडारण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं बेहतर रख-रखाव की भी सराहना की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला अस्‍पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर विकास एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ भरत कुमार खटीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सिविल सर्जन डॉ नवीन कोठारी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन, ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ अमितोज भल्ला, उप संचालक डॉ एकांश राय, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ संजय जैन भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story