जबलपुरः बाबासाहब डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती का हुआ भव्य आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः बाबासाहब डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती का हुआ भव्य आयोजन


जबलपुरः बाबासाहब डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती का हुआ भव्य आयोजन


जबलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार शाम को भारत रत्‍न बाबासाहब डॉ. भीमराव अम्‍बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भंवरताल स्थित कल्चरल थियेटर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सांसद आशीष दुबे ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में सांसद दुबे ने संविधान निर्माता बाबासाहब के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि डॉ. अम्‍बेडकर ने देश को 'राष्ट्र ग्रंथ' के रूप में संविधान प्रदान कर एक नई दिशा दी। उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया कि स्वतंत्र भारत को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिस दूरदर्शी नेतृत्व और विधिक ज्ञान की आवश्यकता थी, उसकी खोज बाबासाहब पर जाकर पूर्ण हुई और आज उनके विचार व चिंतन समरस समाज की स्थापना के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

समारोह में विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए सांसद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसकी सफलता का मार्ग भारतीय संविधान के सिद्धांतों और बाबासाहब के आदर्शों से ही होकर गुजरता है।

इस अवसर पर विधायक नीरज सिंह, नगर निगम अध्‍यक्ष रिकुंज विज, जिला पंचायत अध्‍यक्ष आशा मुकेश गोटिया और लॉ यूनिवर्सिटी के डॉ. अनिमेश झा ने भी डॉ. अम्‍बेडकर के जीवन संघर्षों और उनके दार्शनिक विचारों को जनमानस के साथ साझा किया। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर राघवेन्‍द्र सिंह, नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत की गरिमामयी उपस्थिति में सीके दुबे सहायक आयुक्‍त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा अनुसूचित जाति कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में अतिथियों द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story