जबलपुरः राष्ट्रीय मछुआ दिवस पर आयोजित हुआ मछुआ सम्मेलन
- मछुआरों की आय बढ़ाने और आधुनिक मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने पर दिया गया जोर
जबलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में राष्ट्रीय मछुआ दिवस के अवसर पर मप्र शासन मत्स्य विभाग द्वारा शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में सांसद आशीष दुबे की अध्यक्षता में मछुआ सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में सांसद आशीष दुबे ने राष्ट्रीय मछुआ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मत्स्य पालन से जुड़े लोगों ने प्राचीन काल से देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। केंद्र एवं राज्य सरकार मछुआ समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और मत्स्य क्षेत्र को राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में किसानों और मछुआरों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
दुबे ने कहा कि ऐसे सम्मेलन और कार्यशालाओं का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाना है। उन्होंने आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज, वैज्ञानिक पद्धतियों और नियमित प्रशिक्षण को मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही है।
विधायक सुशील तिवारी इंदु ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार मछुआ समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। मत्स्य पालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए अनुदान, वित्तीय सहायता, गुणवत्तापूर्ण मत्स्य बीज तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने मछुआरों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, मत्स्य बीज उत्पादन, मत्स्य संवर्धन तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में सफल मत्स्य पालकों ने अपने अनुभव साझा किए तथा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में मछुआ समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण, मत्स्य उत्पादन में वृद्धि तथा मत्स्य पालन को रोजगार और आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने के लिए सभी से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मत्स्य विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा, संयुक्त संचालक मत्स्योद्योग गिरीश मेश्राम, मत्स्य महासंघ मुख्य महाप्रबंधक रवि गजभिए, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय जबलपुर डीन एसके महाजन, सीआईएफई प्रतिनिधि डॉ. शशी भूषण, मत्स्य विभाग संयुक्त संचालक शशि प्रभा धुर्वे, मत्स्य अधिकारी फारुख शेख मत्स्य विभाग के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में मछुआ समुदाय के सदस्य व मत्स्य कॉलेज के विधार्थियो ने सहभागिता की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

