जबलपुरः जैविक हाट में नागरिकों ने खरीदे प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पाद, विधायक नीरज सिंह ने की किसानों से चर्चा
जबलपुर, 20 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से कृषि उपज मंडी में साप्ताहिक जैविक हाट का आयोजन इस रविवार को भी किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित जैविक हाट में जिले के जैविक खेती करने वाले किसानों ने अपने उत्पाद बिक्री के लिए रखे। रसायन मुक्त और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री खरीदने के लिए नागरिकों की भीड़ रही।
इस रविवार को बरगी विधायक नीरज सिंह ने भी कृषि उपज मंडी पहुंचकर जैविक हाट का भ्रमण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से चर्चा की और उनके उत्पादों की जानकारी ली। कृषि अधिकारियों ने भी किसानों और उपभोक्ताओं से संवाद कर प्राकृतिक खेती के महत्व और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
जैविक हाट में नींबू, परवल, केला, पपीता सहित विभिन्न प्रकार की जैविक सब्जियां एवं फल, अनाज, मक्का और दूध से बने उत्पाद उपलब्ध रहे। इसके अलावा मिलेट्स आटा, कुकीज, अचार और अन्य मूल्य संवर्धित उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे गए। नागरिकों ने इन उत्पादों की खरीदारी की, जिससे किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिला।
जैविक हाट के सफल आयोजन की जिम्मेदारी इस बार सिहोरा कृषि विभाग की थी। हाट का संचालन अनुविभागीय कृषि अधिकारी मनीषा पटेल एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे एस राठौर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कृषि विस्तार अधिकारी मीना जाटव, साक्षी तिवारी, प्राची बर्मन, अदिति सिंह, काजल पांडे, सुमित पाटकर, अदिति राजपूत एवं शरद दाहिया, ऐटीएम साहब पटेल एवं साक्षी ओझा का योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

