जबलपुरः आज से शुरू होगी मदनमहल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही
जबलपुर, 07 मार्च (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय द्वारा मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के हाल ही में दिये गये निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आज शनिवार से मदन महल की पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत पुरवा में आईसीएमआर के सामने वाले हिस्से से होगी। इस संबंध में पिछले कई दिनों से लगातार मुनादी कर कराई जा रही है। अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की जायेगी।
ज्ञात हो कि उच्चतम न्यायालय ने मदनमहल पहाड़ी के अतिक्रमणों हटाने की कार्यवाही के विरोध में शांति बाई शर्मा एवं अन्य द्वारा दायर की गई याचिका पर 24 फरवरी को सुनवाई करते हुये राज्य शासन को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मदन महल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश का शीघ्र अनुपालन करने के निर्देश दिये थे। उच्चतम न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने की गई कार्यवाही का मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के साथ ही का समय-समय पर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

